Rajendra Devray / Wed, Nov 4, 2026 / Post views : 102
नगरी माता मंदिर में मांगलिक भवन निर्माण हेतु मुख्यमंत्री ने स्वीकृत किए 20 लाख रुपये
जिला भाजपा अध्यक्ष अजय यादव की पहल रंग लाई, महज 10 दिनों में मिली स्वीकृति
अंजड़। सतपुड़ा की पहाड़ी पर स्थित अति प्राचीन नगरी माता मंदिर परिसर में नवीन मांगलिक भवन के निर्माण हेतु प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस स्वीकृति से नगरवासियों एवं मंदिर समिति में हर्ष व्याप्त है।
जिला भाजपा मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत नवरात्र पर्व के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अजय यादव नगरी माता मंदिर में माताजी के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे थे।
उस दौरान उनके साथ मण्डल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह तोमर, नप अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती, पूर्व नप अध्यक्ष राजा चौहान, सुरेंद्र गहलोत, वरिष्ठ नेता राजेन्द्र भावसार, भगत सिंह सोलंकी व भारत सिंह मण्डलोई के अलावा अनेक कार्यकर्ता उपस्थित थे तथा नगरी माता मंदिर समिति द्वारा उनका अंगवस्त्र पहनाकर सम्मान किया गया था। साथ ही समिति ने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं के लिए मांगलिक भवन निर्माण की आवश्यकता से अवगत कराते हुए राशि स्वीकृत कराने की मांग रखी थी। इस पर जिला अध्यक्ष श्री यादव ने शीघ्र राशि स्वीकृत करवाने का आश्वासन दिया था।

मुख्यमंत्री को लिखा था पत्र
जिला अध्यक्ष अजय यादव ने तत्काल पहल करते हुए 25 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर मांगलिक भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने का अनुरोध किया। पत्र में उल्लेख किया गया कि बड़वानी जिले के अंजड़ नगर स्थित प्रसिद्ध एवं प्राचीन नगरी माता मंदिर क्षेत्र में नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को सामाजिक, धार्मिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मांगलिक भवन की अत्यंत आवश्यकता है।

महज 10 दिनों में मिली स्वीकृति
जिला अध्यक्ष की पहल का परिणाम यह रहा कि महज 10 दिनों के भीतर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मांगलिक भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत कर दी। इस संबंध में जिला कलेक्टर कार्यालय से 3 नवंबर को क्रमांक 9081 का आदेश जारी किया गया।
आदेश में वल्लभ भवन के संदर्भ का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान वित्तीय वर्ष 2026-27 मद से नगरी माता मंदिर, अंजड़ में मांगलिक भवन निर्माण हेतु 20 लाख रुपये की राशि कलेक्टर को प्रतिपूर्ति समायोजन के लिए भुगतान करने की स्वीकृति प्रदान किए जाने की जानकारी दी गई है।
उक्त राशि नगर परिषद अंजड़ के मुख्य नगर पालिका अधिकारी के बैंक खाते में अंतरित की गई है। साथ ही निर्देशित किया गया है कि निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए तथा स्वीकृत राशि का उपयोग केवल इसी मद में किया जाए।
जिला अध्यक्ष की पहल की सराहना
नगरी माता मंदिर में मांगलिक भवन निर्माण हेतु राशि स्वीकृत होने पर जिला भाजपा अध्यक्ष अजय यादव की पहल एवं सक्रियता की सराहना की जा रही है। नगरी माता मंदिर समिति एवं नगरवासियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, जिला अध्यक्ष अजय यादव, नप अध्यक्ष मांगीलाल मुकाती, मंडल अध्यक्ष ऋतुराज सिंह तोमर एवं भारतीय जनता पार्टी जिला बड़वानी के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मोहन सिंह अलावा
सीएमओ नगर परिषद अंजड:-
उक्त 20 लाख रुपये की राशि नगर परिषद अंजड के खाते में जमा हो चुकी है। निर्माण कार्य को लेकर नगर परिषद द्वारा शीघ्र ही आगामी कार्यवाही शुरू की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन