Rajendra Devray / Sun, Nov 1, 2026 / Post views : 181
अनुशासन और एकरूपता का संदेश लेकर नालछा की सड़कों पर निकला आर एस एस का भव्य पथ संचलन
जिला प्रचारक धार श्री सुमित पाराशर हुए पथ संचलन में सम्मिलित हुए
400 स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में बैंड की धुन पर मिलाए कदम, नगर में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर ग्रामीणों ने किया आत्मीय स्वागत
रिपोर्टर कांतिलाल शर्मा
नालछा। नगर में रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आर एस एस द्वारा भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर की सड़कों पर संघ के स्वयंसेवकों का अनुशासित कदमताल और एकरूपता देखने को मिली। पूर्ण गणवेश में निकले करीब 400 स्वयंसेवकों ने बैंड की धुन पर कदम से कदम मिलाते हुए संचलन में सहभागिता की। पूरे मार्ग में अनुशासन और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।
पथ संचलन का शुभारंभ शाम 4 बजे कन्या हाई स्कूल परिसर से हुआ। जिला प्रचारक सुमित पाराशर के नेतृत्व में स्वयंसेवक निर्धारित गणवेश में कतारबद्ध होकर संचलन के लिए रवाना हुए। बैंड की मधुर धुन के साथ स्वयंसेवकों के एक साथ उठते कदम नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र रहे।
संचलन कन्या हाई स्कूल परिसर से प्रारंभ होकर लालबाई-फूलबाई मंदिर, बड़ी पुलिया, बस स्टैंड, जनपद कार्यालय, टंकी वाले शंकर मंदिर, आजाद मार्ग और सब्जी मंडी सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नगरवासियों एवं ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। कई स्थानों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक संचलन का अवलोकन किया और स्वयंसेवकों का अभिनंदन किया।
इस पथ संचलन में नालछा नगर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से करीब 400 स्वयंसेवकों ने भाग लिया। संचलन के दौरान स्वयंसेवकों की कतारबद्ध व्यवस्था, कदमताल और अनुशासन विशेष रूप से दिखाई दिया। नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए संचलन पुनः कन्या हाई सेकेंडरी स्कूल परिसर पहुंचा, जहां इसका समापन हुआ।
समापन पर आयोजित हुई सभा
पथ संचलन के समापन अवसर पर विद्यालय परिसर में सभा का आयोजन किया गया। इसमें स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से संघ की शाखा परंपरा, सामूहिकता, अनुशासन और संगठनात्मक गतिविधियों की झलक देखने को मिली। पूरे आयोजन के दौरान नगर में उत्साहपूर्ण माहौल बना रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन