Rajendra Devray / Wed, May 13, 2026 / Post views : 324
कलेक्टर ने जिला महिला एवं नवजात शिशु चिकित्सालय का किया औचक निरीक्षण
स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के दिए निर्देश
बड़वानी 13 मई 2026/ कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह ने बुधवार जिला महिला एवं नवजात शिशु चिकित्सालय बड़वानी का औचक निरीक्षण कर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं और प्रबंधकीय व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया और मरीजों को दी जा रही सुविधाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया। कलेक्टर ने दवा वितरण केंद्र और सुमन हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली का बारीकी से अवलोकन किया तथा एएनसी क्लिनिक में पंजीयन एवं पीआईएच प्रबंधन की स्थिति के सम्बन्ध में उपस्थित स्टाफ से जानकारी प्राप्त कर आवश्यक निर्देश दिये।

चिकित्सालय में स्वच्छता और सुविधा पर जोर देते हुए श्रीमती सिंह ने पीएनसी वार्ड में साफ-सफाई के मानक बनाए रखने और मरीजों के परिजनों के लिए पर्याप्त बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने पोस्ट ऑपरेटिव यूनिट, मदर न्यू बॉर्न केयर यूनिट के साथ-साथ इन-बॉर्न एवं आउट-बॉर्न यूनिट्स का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उपस्थित अधिकारियों और स्टाफ को स्पष्ट किया कि मरीजों और उनके परिजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।

शिशु स्वास्थ्य के प्रति गंभीर रुख अपनाते हुए कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती बच्चों की मृत्यु के कारणों का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऑइडेबल केसेस यानि जिन मामलों में मृत्यु को रोका जा सकता था, उन पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने चिकित्सा स्टाफ की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए बेहतर ट्रेनिंग सत्र आयोजित करने और सभी मृत्यु प्रकरणों की एक विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को न्यूनतम किया जा सके। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर, सिविल सर्जन, प्रभारी सीएमएचओ, समस्त स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन