Rajendra Devray / Tue, Jun 30, 2026 / Post views : 305
नगर परिषद में नवागत सीएमओ मोहन अलावा ने पदभार ग्रहण करने के बाद कर्मचारियों संग की समीक्षा बैठक
अंजड:-नगर परिषद अंजड में नवागत मुख्य नगर पालिका अधिकारी मोहन अलावा ने विगत दिनों पदभार ग्रहण करने के साथ ही कार्यप्रणाली में कसावट लाने के उद्देश्य से परिषद कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को समयबद्धता और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

बैठक के मुख्य निर्णय एवं निर्देश
1. कर्मचारियों की उपस्थिति व समस्या समाधान
सीएमओ अलावा ने बताया कि वरिष्ठ कार्यालय से प्राप्त निर्देशों के तहत स्टाफ की बैठक आयोजित की गई। सभी कर्मचारियों को कार्यालय में समय पर उपस्थित रहने के सख्त निर्देश दिए गए। साथ ही उन्होंने वन-टू-वन चर्चा कर प्रत्येक कर्मचारी की समस्या सुनी और उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

2. स्वच्छता व पेयजल पर विशेष जोर
बैठक में नगर की साफ-सफाई को प्राथमिकता देते हुए सभी वार्डों में नियमित स्वच्छता अभियान चलाने की योजना बनाई गई। शुद्ध पेयजल आपूर्ति को सुचारू करने तथा वर्षा ऋतु में नलों से आने वाले मटमैले पानी की समस्या के स्थायी समाधान पर चर्चा की गई।
3. रुके हुए विकास कार्य होंगे तेज
नगर में लंबित पड़े निर्माण कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बारिश के कारण सड़कों पर बने गड्ढों को शीघ्र भरने के लिए संबंधित शाखा को निर्देशित किया गया।
नागरिकों से की अपील
सीएमओ मोहन अलावा ने नगरवासियों से शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने नागरिकों से नगर परिषद के करों का समय पर भुगतान करने तथा दुकानदारों से अपनी दुकानों का सामान सड़क पर न रखने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि नगर के विकास में जनता का सहयोग अपेक्षित है।
इस अवसर पर नगर परिषद का समस्त अमला उपस्थित रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन