Rajendra Devray / Sat, May 24, 2025 / Post views : 25
रिपोर्टर/कान्ति लाल शर्मा
नालछा ।
जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त नरोत्तम बरकड़े ने नालछा विकासखंड मुख्यालय पर पहुंचकर शासकीय उत्कृष्ट छात्रावास एवं कन्या आश्रम का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने ग्रीष्मकालीन समर कैंप में भाग ले रही बालिकाओं से संवाद कर समर कैंप की गतिविधियों की जानकारी ली एवं उनकी भागीदारी की सराहना की।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त सीधे छात्रावास पहुंचे, जहाँ समर कैंप के अंतर्गत बालिकाएँ विभिन्न रचनात्मक एवं शैक्षणिक गतिविधियों में संलग्न थीं। उन्होंने इन गतिविधियों का अवलोकन करते हुए छात्राओं से छात्रावास की व्यवस्थाओं के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की। छात्राओं ने अपनी संतोषजनक प्रतिक्रियाएँ दीं।
इस दौरान उन्होंने छात्रावास अधीक्षक मालती वसुनिया से भी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक सुधारों के लिए निर्देश प्रदान किए। तत्पश्चात वे पास ही संचालित शासकीय कन्या आश्रम पहुँचे, जहाँ उन्होंने छात्रावास अधीक्षक प्रेम भास्कर से व्यवस्थाओं के बारे में चर्चा की और छात्राओं से संवाद कर छात्रावास में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकतर छात्राओं ने व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।
*रेडियो केंद्र की सुविधाओं में होगा विस्तार*
निरीक्षण के पश्चात सहायक आयुक्त श्री बरकड़े स्थानीय वन्य रेडियो केंद्र भी पहुँचे, जहाँ उन्होंने केंद्र के संचालक नीरज मिश्रा से केंद्र की कार्यप्रणाली और प्रसारण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। यह केंद्र क्षेत्रीय भाषा में कार्यक्रमों के प्रसारण रेडियो के माध्यम से ग्रामीण समुदाय तक सूचना और जागरूकता पहुँचाने का कार्य करता है। सहायक आयुक्त ने इस केंद्र की उपयोगिता की सराहना करते हुए जनजातीय कार्य विभाग के एसडीओ सुनील मेहतो को निर्देशित किया कि केंद्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार शीघ्र सुनिश्चित किया जाए। साथी यहां संचालित कन्या शिक्षा परिषद में छात्राओं को कमरों की कमी के चलते रेडियो केंद्र के पांच कमरों को मरम्मत कर कन्या शिक्षा परिसर के लिए देने के निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान सहायक आयुक्त श्री बरकड़े का मुख्य जोर छात्रावासों की गुणवत्ता सुधार, छात्राओं के सर्वांगीण विकास एवं संचालित जनसंचार माध्यमों की प्रभावशीलता बढ़ाने पर रहा। उन्होंने यह भी कहा कि विभागीय स्तर पर ऐसी व्यवस्थाओं की सतत निगरानी और सुधार की दिशा में प्रयास जारी रहेंगे, ताकि छात्र-छात्राओं को सुरक्षित, शिक्षाप्रद एवं प्रेरक वातावरण प्राप्त हो। इस दौरान विकासखंड शिक्षा अधिकारी बी एम चौरसिया गजेंद्र पवार मौजूद थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन