: बड़वानी पुलिस सख्त, जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्त निर्देश — एसपी पुनीत गेहलोद नव दुर्गा उत्सव के दौरान अपराध और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी
Rajendra Devray
/
Fri, Oct 4, 2024
/
Post views : 301
*महिला और बालिकाओं की सुरक्षा पर बड़वानी पुलिस सख्त, जीरो टॉलरेंस नीति पर सख्त निर्देश — एसपी पुनीत गेहलोद*
*नव दुर्गा उत्सव के दौरान अपराध और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर, सोशल मीडिया पर सतत निगरानी*
आज दिनांक 04 अक्टूबर 2024, पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी में पुलिस अधीक्षक श्री पुनीत गेहलोद द्वारा जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। नव दुर्गा उत्सव के मद्देनजर, महिला और बच्चियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष दिशा-निर्देश जारी किए गए। एसपी गेहलोद ने जिले में किसी भी प्रकार के अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति को अपनाने की बात कही।
समाज और सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए एसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि हर थाना क्षेत्र में शांति समिति की बैठक आयोजित की जाए। त्यौहारों के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, मुख्य मार्गों और तिराहों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा, सभी पुलिसकर्मियों को संवेदनशील इलाकों में नियमित गश्त करने और जनता के साथ सतत संवाद बनाए रखने के लिए कहा गया है।
ऑपरेशन त्रिनेत्र अभियान - अपराधों पर नियंत्रण रखने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत एसपी ने नगर निकायों, ग्राम पंचायतों और जनता से अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे स्थापित करवाने का निर्देश दिया। थाना प्रभारियों को लंबित अपराध, चालान, मर्ग, शिकायतों और महिला एवं बच्चों से संबंधित अपराधों की समीक्षा करते हुए शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए गए।
सोशल मीडिया और अवैध गतिविधियों पर निगरानी - एसपी ने सोशल मीडिया पर सतर्क नजर रखने और किसी भी गैर-परंपरागत गतिविधि या अफवाहों को रोकने के लिए तत्पर रहने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अवैध गतिविधियों, जैसे अवैध शराब, सट्टा, जुआ, और मादक पदार्थों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
आदतन अपराधियों पर कार्रवाई - ऑपरेशन पवित्र के तहत आदतन अपराधियों की निगरानी बढ़ाने और उनकी शांति भंग न करने की स्थिति में अधिक से अधिक राशि से बाउंड ओवर कराने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा, वाहन चेकिंग में सख्ती लाने, अवैध हथियारों की रोकथाम और फरार वारंटियों पर कार्यवाही तेज करने पर जोर दिया गया।
प्रतिमाह की भांति माह सितम्बर 2024 के लिये थाना सेंधवा ग्रामीण को सर्वश्रेष्ठ थाना पुरुस्कार से थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण श्री दिलीप पुरी व समस्त थाना स्टाप को सम्मानित किया गया। माह सितम्बर 2024 के लिये सर्वश्रेष्ठ पुलिसकर्मी निरीक्षक श्री गिरवसिंह जलोदिया थाना प्रभारी अंजड़ को सम्मानित किया गया।
इस बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार पाटीदार, सभी एसडीओपी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।