कॉलेज में मनेगा दो दिवसीय गुरु पूर्णिमा उत्सव
बड़वानी 18 जुलाई 2024/प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बड़वानी की प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य ने बताया कि उच्च शिक्षा विभाग, मध्य-प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 21 एवं 22 जुलाई, 2024 को दो दिनी गुरु पूर्णिमा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। स्थानीय स्तर पर इसके आयोजन की जिम्मेदारी स्वामी विवेकानंद कॅरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ को सौंपी गई।
आयोजन को सार्थक रूप से सम्पन्न करने के लिए आज प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य की अध्यक्षता में विभिन्न विषयों के विभागाध्यक्षों की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में प्रषासनिक अधिकारी डॉ. जयराम बघेल, डॉ. आशा साखी गुप्ता, डॉ. मंजुला जोषी, डॉ. मीनाक्षी पंवार, डॉ. के. एस. बघेल, डॉ. अरविंद सोनी, डॉ. पीएस बघेल, डॉ. मुन्नासिंह मोरे, डॉ. डेविड स्वामी, डॉ. सुप्रिया चौहान, प्रो. दरियाव सिंह चौहान, प्रो. कल्पना सिसोदिया, प्रो. निर्मला मौर्य, डॉ. आशीराम सस्त्या आदि विभागाध्यक्ष सम्मिलित हुए। सभी ने अपने सुझाव रखे। प्राचार्य डॉ. वीणा सत्य ने कहा कि यह आयोजन पूर्ण गरिमा के साथ सम्पन्न हो और भारत की सुदीर्घ गुरु-शिष्य परम्परा निरंतर जारी रहे।
आयोजन प्रभारी डॉ. मधुसूदन चौबे ने उत्सव की रूपरेखा और योजना का प्रस्तुतीकरण किया। प्रशासनिक अधिकारी डॉ. जयराम बघेल ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार पूर्व कुलगुरु और प्राचार्य डॉ. शिवनारायण यादव, पूर्व प्राध्यापकगण डॉ. ओ.पी. खंडेलवाल, डॉ. जे. के. गुप्ता, डॉ. ब्रजेष जोशी, डॉ. उर्मिला वर्मा आदि को आमंत्रित कर सम्मानित किया जाएगा। कॅरियर सेल के कार्यकर्तागण प्रीति गुलवानिया, वर्षा मुजाल्दे, वर्षा मालवीया आदि सरस्वती वंदना एवं गुरु वंदना प्रस्तुत करेंगे। गुरुपूर्णिमा के इतिहास और महत्व पर कॅरियर सेल की टीम के द्वारा पावर पाइंट प्रजेंटेशन किया जाएगा। आमंत्रित गुरुजन और महाविद्यालय के प्राध्यापकगण विभिन्न विषयों पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। विद्यार्थियों द्वारा अपने गुरुजनों का सम्मान किया जाएगा। अनेक रचनात्मक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी होगा।