बड़वानी:- भारतीय जनता पार्टी का संगठन पर्व, सदस्यता अभियान 2024 को लेकर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन शनिवार दोपहर 1 बजे स्थानीय जिला भाजपा कार्यालय पर सम्पन्न हुआ।
जिला मीडिया प्रभारी सुनील भावसार ने बताया कि शनिवार जिला कार्यशाला में मुख्यवक्ता के रुप में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व सांसद चिंतामणि मालवीय व युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री व पूर्व विधायक राम डांगोरे उपस्थित रहे तथा विशेष अतिथि के रूप में जिला प्रभारी नंदकिशोर पाटीदार रहे एवं कार्यशाला की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष कमलनयन इंगले द्वारा की गई।
अतिथियो ने भारत माता, पण्डित दीनदयाल उपाध्याय व डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र का पूजन एवं द्वीप प्रज्वलित कर कार्यशाला का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में चिंतामणि मालवीय ने सम्बोधित करते हुए कहा कि संगठन बहती नदी की तरह होना चाहिए ठहरे हुए पानी मे गंदगी व सड़ांध होती है अतः यह नए सदस्य बनाने पर ही सम्भव है। भाजपा ही एक मात्र ऐसी पार्टी है जो समय-समय पर सदस्यता अभियान चलाकर नए कार्यकर्ताओ को जोड़कर मौका देती है।
आगे उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि आज पूरा विपक्ष लोकतंत्र खतरे में है कह कर देश को भ्रमित कर रहा है लेकिन किसी भी राजनीतिक पार्टी में आंतरिक लोकतंत्र जरूरी है तभी देश का लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा और यह सिर्फ भाजपा में ही सम्भव है।कांग्रेस पार्टी में 20-20 सालों से ब्लॉक अध्यक्ष नही बदले जाते है और वर्षों से एक ही परिवार पार्टी पर कब्जा जमाए हुए है लेकिन भाजपा में हर 5 साल में नया अध्यक्ष देकर आंतरिक लोकतंत्र बनाये रखने की परंपरा कायम है तथा उन्होंने सदस्यता अभियान की विस्तार से जानकारी देकर कार्यकर्ताओ से पूरी ताकत से जुटने का आव्हान किया है।
इस दौरान राम डांगोरे ने कहा कि हमारी पार्टी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में धारा 370 हटाई, अयोध्या में श्रीराम लला का भव्य मंदिर बनवाया, तीन तलाक को समाप्त कर अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए हमे इस स्तर पर बने रहने के लिए सतत संगठन का कार्य करते रहना होगा और हमे 1 सितंबर से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान में पूरी ताकत से जुटकर प्रत्येक बूथ पर 200 सदस्य बनाना है तो आगामी चुनावों में पार्टी को कोई हरा नही सकता।
वही जिला प्रभारी नंदकिशोर पाटीदार व पानसेमल विधायक श्याम बरडे ने सदस्यता अभियान की विस्तार से जानकारी दी तथा जिला अध्यक्ष कमलनयन इंगले ने बताया कि प्रदेश नेतृत्व ने पूरे प्रदेश में 1.5 करोड़ नए सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है तथा प्रत्येक बूथ पर 200 नए सदस्य बनाना है 1 सितंबर से शुरू हो रहे सदस्यता अभियान को लेकर मोबाइल नम्बर 8800002024 पर मिस कॉल देकर सदस्य बनाने का आव्हान किया।
इस अवसर पर आईटी सेल के सह प्रभारी उज्ज्वल गोस्वामी ने एलईडी के माध्यम से मोबाइल से नए सदस्य बनाने का डेमो दिखाया। तथा सोशल मीडिया प्रभारी नवीन गुप्ता ने हेज टेक के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर पूर्व सांसद सुभाष पटेल, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल, पूर्व जिला अध्यक्ष द्वय ओमप्रकाश खंडेलवाल व ओमप्रकाश सोनी, अंतर सिंह पटेल, भगवती प्रसाद शिंदे, महामन्त्री अनूप मिश्रा मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का संचालन अजय यादव एवं आभार विक्रम चौहान ने व्यक्त किया।
कार्यशाला में जिले के पदाधिकारीगण व आपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।