अंजड:- नगर के समीपस्थ नर्मदा तट किनारे ग्राम मोहीपुरा स्थित माँ रेवा आश्रम में सावन के आखरी सोमवार को चल रहे अनुष्ठान का आश्रम में स्थापित नर्मदेश्वर महादेव का सहस्त्रधारा से जलाभिषेक कर समापन किया गया।
उल्लेखनीय है सावन के पवित्र माह में ग्राम मोहीपुरा के रेवा आश्रम में स्थापित अतिप्राचीन नर्मदेश्वर महादेव का बागदी आश्रम से पधारी संत श्री अखिलेश्वरी दीदी के सानिध्य प्रतिदिन सुबह शाम पंडितों द्वारा वैदिकमंत्रोच्चार के साथ पूजन अर्चन एवं रुद्र अभिषेक का अनुष्ठान किया जा रहा था। सावन के आखरी सोमवार को नर्मदेश्वर महादेव का पूजन अर्चन कर 1100 जलधाराओं से विधि विधान पूर्वक नर्मदा जल से जलाभिषेक कर चल रहे अनुष्ठान का समापन किया गया व महाआरती कर प्रसादी का वितरण किया गया।
सावन माह में रेवा आश्रम पर प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंग का निर्माण का क्रम भी चलता रहा व प्रतिदिन पार्थिव शिवलिंगों का पूजन अर्चन व अभिषेक कर नर्मदा जी मे विसर्जित करने का धार्मिक अनुष्ठान भी चलता रहा।
इस अवसर पर संत श्री अखिलेश्वरी देवी ने बताया कि सावन के पवित्र माह में भगवान भोलेनाथ का माँ रेवा के तट पर पूजन अर्चन करने से कई गुना पुण्यलाभ मिलता है। शिव जी का पूजन और अभिषेक करने से जाने-अनजाने होने वाले पापों से शीघ्र छुटकारा मिल जाता है तथा भगवान शिव का सहस्त्रधारा से अभिषेक करने पर शिव जी प्रसन्न होकर सुख, शांति, यश व वैभव प्रदान करते है के साथ ही सभी मनोकामनाओ को पूर्ण करते है।
सावन भर चले अभिषेक अनुष्ठान क्रम में ग्रामीण क्षेत्र के अलावा दूरदराज क्षेत्र से अनेक श्रद्धालुओ ने हिस्सा लेकर पुण्य लाभ लिया।