Rajendra Devray / Fri, Jul 31, 2026 / Post views : 397
नकली IT ऑफिसर बन लूटने का आरोपी UP से गिरफ्तारः बाग में ठेकेदार के घर से लूटा था आधा किलो सोना, कोर्ट ने जेल भेजा
धार |बाग में नकली इनकम टैक्स अधिकारी बनकर ठेकेदार राजकुमार मालवीय के घर से आधा किलो सोने के गहने और 4 लाख लूटने वाले गिरोह के मुख्य सरगना संजय शर्मा पंडित को पुलिस ने उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया है। यह वारदात 13 मार्च 2026 को हुई थी। इस सनसनीखेज डकैती में शामिल कुल 14 आरोपियों में से पुलिस पहले ही 10 को गिरफ्तार कर चुकी थी।
बाग पुलिस ने मुख्य आरोपी संजय शर्मा पंडित, जो माधवगढ़ जिला जालौन, यूपी) का निवासी है, को जालौन से पकड़ा। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई एक पिस्टल भी जब्त की गई है। शुक्रवार को आरोपी को कुक्षी कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
'स्पेशल 26' फिल्म की तर्ज पर दिया था वारदात को अंजाम
बाग थाना प्रभारी हीरूसिंह रावत ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पुलिस को चकमा दे रहा था। पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। लुटेरों ने बॉलीवुड फिल्म 'स्पेशल 26' की तर्ज पर फर्जी आईटी/सीबीआई ऑफिसर बनकर ठेकेदार के घर में छापा मारा था। जांच के बहाने अलमारी में रखे गहने व नकदी समेटकर आरोपी बाहर से ताला लगाकर भाग गए थे, जिन्हें बाद में पुलिस ने ताला तोड़कर बाहर निकाला था ।
1.35 करोड़ की सामग्री पहले ही हो चुकी जब्त
घटना के दो दिन बाद (16 मार्च को) पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से सोने के आभूषण, नकदी और वाहन सहित कुल 1.35 करोड़ की सामग्री जब्त की थी। जांच में सामने आया था कि ठेकेदार के घर में सोना और भारी नकदी होने की मुखबिरी स्थानीय तीन लोगों ने ही की थी
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन