Rajendra Devray / Wed, Jul 29, 2026 / Post views : 205
प्रभारी मंत्री ने सरस्वती पहाड़ी अंजड़ में किया पौधारोपण चित्रकला प्रतियोगिता का शुभारंभ कर दिया पर्यावरण व वन्यजीव संरक्षण का संदेश
बड़वानी 29 जुलाई 2026/जिले के प्रभारी मंत्री एवं प्रदेश के कौशल विकास एवं रोजगार राज्यमंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने बुधवार को जिले के प्रवास के दौरान 'पर्यावरण वानिकी नगर वन' अंजड़ में आयोजित विशेष पौधरोपण कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने नगर परिषद, वन मंडल परिक्षेत्र राजपुर, जन अभियान परिषद तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के साथ मिलकर पौधरोपण किया। कार्यक्रम में क्षेत्र के वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पर्यावरण और पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने के लिए पौधा रोपण अत्यंत आवश्यक है।

प्रकृति का संरक्षण एक बहुत ही महत्वपूर्ण और पुण्य का कार्य है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि प्रकृति की रक्षा के लिए हर नागरिक पौधारोपण अभियान में बढ़-चढ़कर भाग ले।

अंतर्राष्ट्रीय बाघ दिवस के अवसर पर प्रभारी मंत्री डॉ. टेटवाल ने पीएम श्री एकीकृत शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, अंजड़ में आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। इस दौरान विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बाघ हमारा राष्ट्रीय पशु है और बाघों के सुरक्षित रहने से ही प्रकृति संरक्षित रहेगी। बाघ संरक्षण की इस भावना को जन-जन तक पहुँचाना हम सबकी जिम्मेदारी है।

उन्होंने आगे कहा कि मध्य प्रदेश सरकार बाघों के संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए निरंतर समर्पित प्रयास कर रही है। हमें वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता और करुणा का भाव रखना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने सभी से वन्यजीव संरक्षण का संकल्प लेने तथा 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत अनिवार्य रूप से पौधे लगाने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान जिला पंचायत सीईओ सुश्री काजल जावला, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बड़वानी श्री भूपेन्द्र रावत एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजपुर श्री कुमार सानू देवड़िया सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन