Rajendra Devray / Sun, Sep 13, 2026 / Post views : 255
650 किलोमीटर पैदल चलकर सुरसुरा से नालछा पहुंचे युवा, तेजाजी धाम की दिव्य ज्योति का भव्य स्वागत
सूरजकुंड से मुख्य बाजार और बस स्टैंड तक उमड़ा आस्था का सैलाब, पुष्पवर्षा से हुआ पदयात्रियों का अभिनंदन

नालछा। आस्था, श्रद्धा और संकल्प की अद्भुत मिसाल पेश करते हुए नालछा नगर के 12 युवा भक्त राजस्थान के प्रसिद्ध तेजाजी धाम सुरसुरा से दिव्य ज्योति लेकर करीब 650 किलोमीटर की पैदल यात्रा पूरी कर नालछा पहुंचे।

लंबी और कठिन पदयात्रा के बाद नगर में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं और नगरवासियों ने भक्तिभाव के साथ पदयात्रियों का जोरदार स्वागत किया।
पदयात्रियों के नालछा पहुंचने की सूचना मिलते ही नगर में उत्साह का माहौल बन गया।

सूरजकुंड से लेकर मुख्य बाजार और बस स्टैंड तक जगह-जगह नगरवासियों एवं ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर युवाओं का स्वागत किया। श्रद्धालुओं ने पदयात्रियों को फल एवं श्रीफल भेंट किए तथा साफा बांधकर उनका अभिनंदन किया।
स्वागत के दौरान मातृशक्ति भी बड़ी संख्या में शामिल हुई। डीजे पर बज रहे भजन एवं धार्मिक गीतों पर महिलाएं उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए यात्रा के साथ आगे बढ़ रही थीं। भक्ति और उल्लास से सराबोर यह दृश्य लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा।
जगह-जगह श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ दिव्य ज्योति का स्वागत किया।
तेजाजी मंदिर में विधि-विधान से पूजा और महाआरती
भव्य स्वागत के बाद पदयात्रा सीधे तेजाजी मंदिर, नालछा पहुंची।
यहां दिव्य ज्योति को लेकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं की उपस्थिति में महाआरती संपन्न हुई और दिव्य ज्योति की मंदिर में विधिवत स्थापना की गई।
महाआरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने तेजाजी महाराज के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
धार्मिक आयोजन के पश्चात श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों के लिए महाप्रसादी का वितरण किया गया।
युवाओं की श्रद्धा बनी प्रेरणा
650 किलोमीटर की लंबी पैदल यात्रा कर दिव्य ज्योति को नालछा तक लाना युवाओं के दृढ़ संकल्प और धार्मिक आस्था को दर्शाता है।
पदयात्रियों ने कठिन रास्तों और लंबी दूरी की परवाह किए बिना अपनी यात्रा पूरी की। नगरवासियों ने युवाओं की इस श्रद्धा और संकल्प की सराहना करते हुए इसे नई पीढ़ी के लिए धार्मिक आस्था एवं संस्कृति से जुड़ने वाली प्रेरणादायी पहल बताया।
पदयात्रा में ये युवा रहे शामिल
इस धार्मिक पदयात्रा में शंकर लाल जाट, सुरेश जाट, रामेश्वर जाट, अमन जाट, शिवम जाट, जतिन गौतम, सुनील, जगदीश, देव, महेश एवं दीपेश जाट सहित अन्य युवा शामिल रहे। दीपेश जाट के नेतृत्व में पदयात्रा संपन्न हुई।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन